जशपुर न्यूज : जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत फुलेता चौक पर गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है. तमता की ओर से अपने घर फुलेता लौट रहे 27 वर्षीय रोहित नट की तेज रफ्तार ट्रक (CG 15 CW 3047) की सीधी टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई.
दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने घायल युवती को अस्पताल पहुंचाया. वहीं हादसे से भड़के ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर करीब आधे घंटे तक चक्काजाम कर दिया, जिससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं.
घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक अपने वाहन को छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है.सूचना मिलते ही पत्थलगांव तहसीलदार प्रमोद पटेल मौके पर पहुंचे और उग्र ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया.
प्रशासन की ओर से मृतक के अंतिम संस्कार हेतु तत्काल 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया और यातायात पुनः बहाल हो सका.
स्थानीय निवासियों का कहना है कि फुलेता चौक अंबिकापुर, तमता और पत्थलगांव को जोड़ने वाला एक व्यस्त मार्ग है, लेकिन ट्रैफिक सिग्नल और पर्याप्त स्ट्रीट लाइट न होने के कारण यह जगह हादसों का केंद्र बनती जा रही है. ग्रामीणों ने प्रशासन से चौक पर जल्द से जल्द सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने और सिग्नल लगाने की मांग की है.
एक टिप्पणी भेजें